फिट इंडिया मूवमेंट का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 29 अगस्त 2019 को ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ के विज़न तथा ‘फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़’ के संदेश के साथ किया गया था, ताकि फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जा सके। वर्षों के दौरान इस अभियान ने राष्ट्रीय खेल दिवस, फिट इंडिया कार्निवल और संडेज़ ऑन साइकिल जैसे प्रमुख अभियानों के माध्यम से अपनी जनभागीदारी का व्यापक विस्तार किया है।
फिट इंडिया स्कूल सर्टिफिकेशन प्रोग्राम फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत एक पहल है, जिसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस को विद्यालयी जीवन का नियमित और अभिन्न हिस्सा बनाना है, न कि केवल अवसर-विशेष या कार्यक्रम-आधारित गतिविधि। यह कार्यक्रम संशोधित खेलो इंडिया योजना (Khelo India Scheme – KIS) की राजपत्र अधिसूचना तथा परिचालन दिशा-निर्देशों पर आधारित है, जो औपचारिक रूप से विद्यालय-स्तरीय फिटनेस प्रमाणन तंत्र का प्रावधान करते हैं।
यह कॉन्सेप्ट नोट फिट इंडिया स्कूल सर्टिफिकेशन प्रोग्राम की प्रस्तावित नई रूपरेखा प्रस्तुत करता है तथा विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों, शिक्षा प्रशासकों, खेल संगठनों एवं अन्य हितधारकों से सुझाव एवं अभिमत आमंत्रित करता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा विद्यालय के कर्मचारियों के बीच फिटनेस को बढ़ावा देकर फिट इंडिया और विद्यालयों के बीच एक सुदृढ़ एवं सतत संबंध स्थापित करना है। यह उन विद्यालयों को मान्यता प्रदान करता है जो नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं खेलों को प्रोत्साहित करते हैं तथा अभिभावकों को विद्यालयों के चयन हेतु एक पारदर्शी और विश्वसनीय संदर्भ उपलब्ध कराता है।
इस कार्यक्रम का मूल आधार यह है कि घर के बाद विद्यालय वह पहला औपचारिक संस्थान है, जहाँ बच्चों में फिटनेस की आदतों को व्यवस्थित रूप से सिखाया, अपनाया और सुदृढ़ किया जा सकता है।
कॉन्सेप्ट नोट पढ़ने के लिए कृपया अपनी पसंदीदा भाषा पर क्लिक करें:
अंग्रेज़ी , हिंदी , बांग्ला , मराठी , गुजराती , मैथिली , मलयालम , तमिल , तेलुगु , कन्नड़, ओड़िया