भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त (ORGI), MyGov के सहयोग से, देशभर के नागरिकों को "जनगणना पल्स – रील प्रतियोगिता" में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है।
यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों को जनगणना 2027 के महत्व तथा साक्ष्य-आधारित शासन, समावेशी विकास और बेहतर सार्वजनिक सेवा वितरण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का अवसर प्रदान करती है। आकर्षक एवं रचनात्मक लघु रीलों के माध्यम से प्रतिभागी नागरिकों को जनगणना के महत्व से अवगत करा सकते हैं तथा उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
प्रतिभागियों को डिजिटल जनगणना, स्व-गणना (Self-Enumeration), राष्ट्रीय विकास में जनगणना की भूमिका, समावेशी विकास, सटीक एवं विश्वसनीय जानकारी का महत्व तथा डेटा गोपनीयता जैसे विषयों पर मौलिक रील तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता, कहानी कहने की कला, एनीमेशन, साक्षात्कार, दृश्य प्रस्तुति अथवा अन्य प्रभावी माध्यमों का उपयोग करके इन विषयों को सरल, रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों, विद्यार्थियों, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जनगणना जागरूकता का सहभागी बनाना है, ताकि वे सटीक आँकड़ों के महत्व, डेटा गोपनीयता तथा राष्ट्र निर्माण में जनगणना की भूमिका के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न कर सकें।
प्रस्तुतीकरण दिशा-निर्देश:
• जनगणना 2027 से संबंधित किसी भी निर्धारित विषय पर 30 से 60 सेकंड की मौलिक रील तैयार करें।
• अपनी रील को Instagram, Facebook, YouTube, X अथवा किसी अन्य सार्वजनिक सोशल मीडिया मंच पर अपलोड करें।
• अभियान के निर्धारित आधिकारिक हैशटैग (यदि लागू हो) का अपनी पोस्ट में अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
• रील का सार्वजनिक (Public) लिंक निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व MyGov पोर्टल पर प्रस्तुत करें।
• रील पूर्णतः मौलिक, अप्रकाशित तथा किसी भी कॉपीराइट अथवा बौद्धिक संपदा अधिकार का उल्लंघन करने वाली नहीं होनी चाहिए।
• कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) द्वारा पूर्णतः अथवा महत्वपूर्ण रूप से तैयार की गई सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
• मूल्यांकन अवधि के दौरान प्रतिभागी का सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल सार्वजनिक (Public) रहना अनिवार्य है।
पुरस्कार संरचना:
प्रथम पुरस्कार – ₹25,000/-
द्वितीय पुरस्कार – ₹15,000/-
तृतीय पुरस्कार – ₹10,000/-
सांत्वना पुरस्कार – शीर्ष 20 प्रतिभागियों को ₹5,000/- प्रत्येक
आइए, जनगणना पल्स – रील प्रतियोगिता में भाग लेकर जनगणना 2027 के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और सटीक आँकड़ों पर आधारित, सशक्त, समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
विस्तृत नियम एवं शर्तों के लिए यहाँ क्लिक करें